अमर उजाला ब्यूरो सिद्धार्थनगर। पहली बार जिले में एक साथ कोरोना के दो पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। देर रात दोनों की रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। दोनों संक्रमित युवकों में एक मिश्रौलिया और दूसरा बांसी कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। एक युवक कौंशाबी से आया था, जिसे जोगिया कोतवाली क्षेत्र के परसा भदवरिया में बने गंगा नेशनल स्कूल के क्वारंटीन हाउस में रखा गया था और दूसरा मुंबई से आया था जो बांसी महामाया आईटीआई कॉलेज के क्वारंटीन हाउस में था। दोनों को संतकबीरनगर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद में बने आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही दोनों क्वारंटीन हाउस में रखे गए 164 लोगों के लार का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। क्वारंटीन हाउस को सैनिटाइज किया गया है। इसके अलावा बांसी- बस्ती की सीमा को सील कर दिया गया है। कोरोना का प्रकोप शुरू हुए 36 दिन के वक्त गुजर गए हैं। अभी तक जिला कोरोन के संक्रमण से मुक्त था। जिले की गिनती ग्रीन जोन में की जा रही थी। प्रशासन और आम जनता राहत का सांस ले रही थी, लोगों को सुकून था कि जिले में अभी तक एक भी कोरोना का पॉजिटिव केस नहीं आया है। लेकिन बृहस्पतिवार की रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जांच में गए रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। संक्रमित मिले दो लोगों की पहचान होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। संक्रमित मिले एक युवक की पहचान बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी के रूप में की गई। उसकी उम्र 24 वर्ष है। उसे 19 अप्रैल को जोगिया कोतवाली क्षेत्र के परसा भदवरिया में स्थित गंगा नेशलन स्कूल के क्वारंटीन में रखा गया था। जबकि दूसरा बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी है। वह 20 अपै्रल को मुंबई से ट्रक से पहुंचा था। उसे बांसी के महामाया आईटीआई कॉलेज के क्वारंटीन हाउस में रखा गया था। दोनों के लार का सैंपल भेजा गया था। बृहस्पतिवार की रात दोनों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गया। सुबह स्वास्थ्य विभाग के विशेष वाहन से संतकबीरनगर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने आईसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया है। डीएम दीपक मीणा ने दो लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों को संतकबीनगर के आईसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया है। साथ ही दोनों क्वारंटीन हाउस को सैनिटाइज कर दिया गया है। वहां रखे गए अन्य लोगों को सैंपल लिया गया है। --- साथ रहने वालों का लिया गया सैंपल स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कोरोना से संक्रमित केस मिलने के बाद गंगा नेशनल पब्लिक स्कूल परसा भदवरिया को सैनिटाईज किया गया। इसके बाद यहां रखे गए 101 लोगों के लार का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ बांसी के महामाया आईटीआई कॉलेज को सैनिटाईज किया गया। इसके बाद यहां रखे गए 63 लोगों के लार का सैंपल जांच के लिए लिया गया। --- गनीमत घर नहीं गए थे राहत इसलिए है कि कोरोना के जो दोनों युवक संक्रमित मिले हैं, वह घर नहीं गए थे। अन्य किसी के संपर्क में नहीं आए थे। सीधे उन्हें क्वारंटीन हाउस में भेज दिया गया है। इससे अन्य लोगों के संक्रमित होने का खतरा कम हो गया है। साथ ही प्रशासन को अधिक भागदौड़ नहीं करना पड़ेगा। --- 42 प्वाइंट पर चेंकिग एसपी विजय ढुल ने बताया कि जिले में चेकिंग के लिए के लिए कुल 42 प्वाइंट बने हैं। यहां 24 घंटे ड्यूटी हो रही है। चेकिंग करने के बाद ही आने- जाने दिया जा रहा है। ऐसे में बाहर से आने वालों को चेकिंग के बाद क्वारंटीन में भेज दिया जा रहा है। सामान लेकर जाने- जाने वाले वाहनों की भी चेकिंग की जा रही है। पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।