बिस्कोहर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के खुखुडी गांव निवासी 22 वर्षीय संदीप उर्फ गुल्ले की रविवार को सर्पदंश से मौत हो गई। युवक बलुआ चौराहे पर किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात तीन बजे चारपाई पर सोते समय वह चादर ओढ़ रहा था। चादर में छिपे सांप ने उसके हाथ में डस लिया। संदीप ने साहस दिखाते हुए दूसरे हाथ से सांप को पकड़कर मार डाला और परिजनों को सूचना दी। रविवार सुबह में परिजन तत्काल उसे इटवा सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। संदीप उर्फ गुल्ले की पिछले साल ही शादी हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी, माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।