भारतभारी में व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
भारतभारी। नगर पंचायत के भारतभारी स्थित शिव मंदिर घाट पर रविवार को छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखा। शाम को छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए श्रद्धालु सिर पर पूजन सामग्री की टोकरी लेकर घाट पहुंचे। वेदी पर पूजा-अर्चना के बाद जल और गाय के दूध से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर मेले जैसा माहौल रहा। परिजन ने ढोल-मंजीरे बजाए और आतिशबाजी की। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन होगा।