चिल्हिया। शोहरतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के पल्टादेवी व ग्राम पंचायत गुजरौलिया ग्रांट में शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी व लाभकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। ग्राम सचिव राम सिंह व ग्राम सचिव अजय भारती ने कहा कि गांवों को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान अवश्य करें। खुद भी अपने आसपास सफाई करें। शौचालय के नियमित उपयोग करें। समय से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन अवश्य करें। आरबीआई प्रतिनिधि संतोष शुक्ल ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, फैमिली आईडी, कृषक नंदिनी योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, गरीब परिवारों की पुत्रियों के विवाह अनुदान, वृद्धावस्था पेंशन, बैंकिंग सेवाओं, बीमा और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान गांव के लोग मौजूद रहे।