संवाद न्यूज एजेंसी पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के सिरसिया मिश्र के टोला मदरहवा गांव में छह दिन से बंद बिजली आपूर्ति मंगलवार को बहाल हो गई। जले हुए 63 केवी ट्रांसफाॅर्मर को बदलने के बाद पूरे गांव में बिजली चालू कर दी गई, जिससे उमस भरी गर्मी से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिली। पकड़ी फीडर के अंतर्गत मदरहवा गांव का 63 केवी ट्रांसफाॅर्मर जल जाने से पूरा गांव अंधेरे में था। बिजली न होने से पेयजल, पंखे और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे और ग्रामीण लगातार ट्रांसफाॅर्मर बदलने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की समस्या को अमर उजाला ने 31 अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली निगम हरकत में आया और मंगलवार को नया ट्रांसफाॅर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी।