बिस्कोहर। कस्बा स्थित श्रीराम जानकी दुर्गा धाम मंदिर शिव चरण पोखरा के परिसर में छठ पूजा के अवसर पर सोमवार की रात भव्य देवी जागरण का आयोजन किया गया। चेयरमैन अजय गुप्ता ने फीता काटकर और गायकों को चुनरी भेंट कर जागरण का शुभारंभ किया। सगुन जागरण परिवार गोरखपुर से आई गायक कलाकार गुड़िया डॉली ने गणेश वंदना से जागरण की शुरुआत की। इसके बाद छठी मैया के गीतों पर रातभर श्रोता झूमते नजर आए। कलाकारों ने छठ गीतों से जुड़ी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर सभी को भक्ति रस में सरोबार कर दिया। दर्शकों के कदम थिरक उठे। इस अवसर पर चेयरमैन अजय गुप्ता, अनूप पांडेय, रोहित कसौधन, बृजेश गुप्ता, शालिनी गुप्ता, प्रतिभा कौशल, राजू कौशल, मनीष जायसवाल आदि मौजूद रहे।