उसका बाजार। क्षेत्र में बह रही बूढ़ी राप्ती नदी में शुक्रवार को तिघरा गांव निवासी संदेश गौड़ (15) डूबकर लापता हो गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोर की सहायता से नदी में काफी तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। मिली जानकारी के अनुसार, तिघरा गांव का रहने वाला संदेश गौड़ (15) घर से भैंस चराने के लिए नदी की तरफ गया था। वहीं से भैंस नदी में चली गई, जिसे निकालने के लिए वह किनारे पर गया, लेकिन फिसलन वाली मिट्टी होने के कारण वह फिसलकर नदी में चला गया और डूबने लगा। वहां मौजूद ग्रामीणों ने देखा तो वह मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक संदेश गहरे पानी में लापता हो गया। किसी ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने नदी में उनकी तलाश शुरू कराई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कहीं पता नहीं चल सका। एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि पुलिस स्थानीय गोताखोर की मदद से तलाश कर रही है, अभी पता नहीं चल सका है।