भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के मन्नीजोत भरवठिया मार्ग पर राप्ती नदी पर बने पुल के पास रेन कट से बने गड्ढे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया मगर चार माह से हालात जस के तस बने हुए हैं।
क्षेत्र के अकरम खां, वसीउल्लाह, दलवीर, प्रदीप, नवीन, कमाल अहमद आदि ने बताया कि पिछले चार माह से राप्ती नदी पर बने पुल के पास तीन बड़े-बड़े रेन कट बने हैं। अगर कोई अनजान राहगीर अपने वाहन को लेकर आता है तो, जरा सी चूक जान पर आ सकती है। इतना ही नहीं पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा इन रेन कट के गड्ढों के पास कोई खतरे का संकेत बोर्ड या लाल झंडी भी नहीं लगाया है। बारिश के समय मिट्टी लगातार कट कर बड़े गड्ढे का रूप ले रही है। इस संबंध में प पीडब्लूडी खंड बांसी के अवर अभियंता अवनीश चौधरी ने कहा कि मन्नीजोत भरवठिया मार्ग के पैचिंग का टेंडर हो गया है, जल्द सड़क के गड्ढों को भराया जाएगा।