जोगिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को एसडीएम सदर निखिल चक्रवाती ने क्षेत्र के करौंदा मसिना प्राथमिक विद्यालय में बूथ लेवल (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा की और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बूथों पर उपस्थित बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने (फॉर्म-6), मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम काटने (फॉर्म-7) और विवरण में संशोधन (फॉर्म-8) से संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएं। एसडीएम ने ग्रामीणों से भी संवाद कर अभियान में सहयोग करने और अपने नाम की जांच करने की अपील की। उन्होंने बीएलओ को चेतावनी दी कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवेदन समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। लेखपाल बिंदु सागर मौर्या बीएलओ दुर्गावती गुप्ता, शीला गुप्ता, सुमनलता आदि मौजूद रहे।