- राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शहर में स्थित राजकीय कन्या इंटर काॅलेज नौगढ़ का बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका को देखा। साथ ही उपस्थिति की जानकारी ली। इसमें तीन अध्यापक अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित तीनों अध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के कार्यालय भवन और कक्षाओं का निरीक्षण किया। यहां विद्यालय में कुल 552 छात्राएं पंजीकृत है, जिसके सापेक्ष छात्राओं की संख्या कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिए जाने और शैक्षणिक कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था ठीक कराने के भी निर्देश दिए।