फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: खजुरिया मार्ग से जल्द हटा लें अतिक्रमण...नहीं तो होगी कार्रवाई

Mon, 29 Jul 2024 05:06 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। शहर की लाइफलाइन खजुरिया मार्ग पर हुए अतिक्रमण को नोटिस देने के बाद भी नहीं हटाए जाने से इसके चौड़ीकरण व उच्चीकरण का कार्य नहीं हो पा रहा है। साथ ही सड़क के किनारे नाली निर्माण का कार्य अधर में है। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण खुद हटा लें नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

शहर के प्रमुख मार्ग में शामिल खजुरिया रोड कई वर्षों से अतिक्रमण का शिकार रहा है। इसके चलते सड़क किनारे नाली नहीं बनने से जलभराव के कारण सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। शहर की बड़ी आबादी कलक्ट्रेट, विकास भवन समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में इसी सड़क से आते-जाते हैं।

पिछले चार वर्ष से क्षतिग्रस्त हो चुके सड़क से वर्तमान में गुजरना कठिन है। नगर पालिका की तरफ से सड़क के चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसकी स्वीकृति भी मिल गई है। इसी के सर्वे के लिए 26 जून को तहसील एवं नगर पालिका प्रशासन की तरफ से पैमाइश कर सड़क किनारे अतिक्रमण को चिह्नित किया गया। साथ ही पांच दिन की मोहलत दी गई थी।
विज्ञापन


तीन जुलाई को डीएम ने भी सड़क का निरीक्षण किया था, बावजूद इसके अभी तक अतिक्रमण नहीं हटा है। एक सप्ताह पूर्व हुई बारिश में खजुरिया मार्ग पर एक फुट तक जलभराव था। जिससें सड़क के गड्ढों में फंसकर कई बाइक सवार चोटिल हुए थे। अब बारिश का पानी सूख चुका है, सड़क पर बने गड्ढों में ईंट के टुकड़े डाल दिए गए हैं। जिससे गुजरने के दौरान बाइक व साइकिल सवार गड्ढों में फंसकर चोटिल हो रहे हैं।

अतिक्रमण में चिह्नित हुए थे 85 मकान व दुकान
संकरे हो चुके खजुरिया मार्ग पर दोनों तरफ 13 मीटर पैमाइश कर अतिक्रमण का चिह्नांकन किया गया है, जिसे हटाया जाना है। नगर पालिका और तहसील प्रशासन की तरफ से सड़क किनारे अतिक्रमण की पैमाइश में 85 से अधिक दुकानों एवं मकानों को चिह्नित किया गया है।


अधिवक्ता ने स्वयं हटाया अतिक्रमण
खजुरिया मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए चिह्नांकन किया गया था। जिसमें अधिवक्ता हरिश्चंद्र यादव के मकान के सामने बनी बाउंड्रीवाल को अतिक्रमण बताते हुए निशान लगाया गया था। जिसके बाद अधिवक्ता ने स्वयं ही घर के सामने बनी बाउंड्रीवाल तोड़कर हटा दिया है। तहसील एवं नगर पालिका प्रशासन समेत स्थानीय लोग उनके इस पहल को नजीर मानते हुए अन्य लोगों से भी स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की है।
-
शुरू हुआ नाली निर्माण रह गया है अधूरा
शहर के डेढ़ किमी लंबे खजुरिया मार्ग के किनारे बारिश के बीच में ही शुरू हुआ नाली निर्माण अभी अधूरा पड़ा है। नगर पालिका की तरफ से खजुरिया मार्ग पर जलनिकासी के लिए 39 लाख रुपये की लागत से 11 सौ मीटर नाला निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। बारिश के दौरान नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे और सड़क पर फैले कीचड़ से राहगीरों की सांसत रही। अब बरसात के मौसम में इसका निर्माण बंद होने से बारिश होने पर सड़क पर जलभराव होने से एक बार फिर से लोगों को सांसत झेलनी पड़ेगी।

बोले लोग
खजुरिया मार्ग पर जलनिकासी के लिए नाली निर्माण और सड़क का पुर्ननिर्माण बहुत जरूरी है। इसके लिए तहसील एवं नगर पालिका प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
- शेषमणि प्रजापति, सिंहेश्वरीपुरम
00
वर्तमान में खजुरिया मार्ग पर बने गड्ढे और बारिश में होने वाले जलभराव के बीच गुजरना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए इसको दुरुस्त करने के लिए तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
- सरफराज मलिक, सिविल लाइंस
-
बोले जिम्मेदार
खजुरिया मार्ग की पैमाइश कर चिह्नित जगह पर अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को नोटिस देने के साथ ही एनाउंसमेंट करा कर सूचित किया गया था। जिन्होंने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया है, उनके विरूद्ध जल्द ही कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
विज्ञापन

- डॉ. ललित कुमार मिश्र, एसडीएम नौगढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें