भनवापुर क्षेत्र के बेतनार मुस्तहकम गांव के पास राप्ती का पानी पंहुचा बांध के पास। संवाद
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र से होकर जाने वाली राप्ती नदी का पानी एक बार फिर से बढ़ने लगा है, जिसे देख स्थानीय लोगों में खौफ बढ़ गया है। हालांकि राप्ती के बढ़ते जलस्तर से कोई परेशानी नहीं है। स्थानीय लोगों की मानें तो मंगलवार को जिस तरह से पानी बढ़ रहा, अगर यही स्थिति रही तो तीन दिन बाद समस्या उत्पन्न हो सकती है। क्षेत्र के बेतनार मुस्तहकम गांव के साथ ही बिजौरा गोशाला के पास कटान कर रही राप्ती पानी बढ़ने के साथ पूरी तरह रुक गई है, मगर बढ़ते राप्ती के पानी से गौशाला में रह रही पशुओं के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पहले से ही बिजौरा गौशाला का पांच फीट तक टिनशेड राप्ती में समाहित हो चुका है। अब पानी भरने से पशुओं का भूसा आदि सड़ने का डर सता रहा है। वहीं बेतनार मुस्तहकम गांव के पास भी कटान रुका हुआ है। मगर बाढ़ का पानी बांध से सट कर बहना शुरू हो गया है। क्षेत्र के देवेंद्र पांडेय, मोनू, पंकज, अभय तिवारी, प्रदीप आदि ने बताया कि राप्ती नदी का पानी बढ़ने से अभी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बन रही है और ना ही ऐसी संभावना है।