शोहरतगढ़ । नगर हो या गांव हर तरफ चोरी के डर से लोग रात को एक टोली बनाकर पहरा दे रहे हैं। पूरी रात चोर चोर व जागते रहो के शोर से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उप्र उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष आनंद कसौधन की अगुवाई में बृहस्पतिवार को सीओ प्रवीन प्रकाश व थाना प्रभारी शोहरतगढ़ संतोष कुमार तिवारी को एक ज्ञापन देकर रात में पुलिस का पहरा सख्त करने की मांग की है। कहा कि नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी होने के भय से लोग टोली बनाकर पहरा दे रहे हैं ताकि चोर अपने मंसूबे में सफल न होने पाए। चोरी की घटनाएं होने से लोग डरे हुए हैं। उनके अंदर भय समाया हुआ है कि चोर कब किसके घर का निशाना बना दें। इस दौरान कन्हैया लाल गुप्ता, नंदू गौड़, लक्ष्मीकांत कसौधन, योगेंद्र नाथ वर्मा, कृष्ण कुमार अग्रवाल, श्रवण कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।