बढ़नी। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की विशेष गश्त टीम ने बुधवार को 3.50 लाख रुपये भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली नागरिक को पकड़ा। रामलीला मैदान के पास सीमा की ओर जा रहे व्यक्ति को विशेष गश्त दल के कमांडर उपनिरीक्षक मुकेश चंद्र और जवानों ने रोककर पूछताछ की। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गंगा बनिया (39) निवासी सिरसिहवा, कपिलवस्तु, नेपाल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान काली पॉलिथीन से 500 रुपये के 700 नोट बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि वह मुद्रा विनिमय का काम करता है। एसएसबी ने बरामद 3.50 लाख रुपये और नेपाली नागरिक को आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया।