घोसियारी। खेसरहा थाना क्षेत्र के रिउना गांव में मंगलवार रात करीब 11 बजे एक बाइक में आग लगा दी गई। इससे बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। बाइक मालिक अभय नंदन घटना के समय संतकबीरनगर में एक शादी समारोह में थे। घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं। जानकारी के अनुसार, दिवाली के दिन अभय नंदन का एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। इस मामले में कुर्थिया चौकी पर सुलह-समझौता भी हो गया था। आरोप है कि इसके बावजूद मंगलवार रात बाइक में आग लगाई गई। पुलिस को सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी श्याम सुंदर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए चौकी ले गई है। प्रभारी निरीक्षक खेसरहा रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।