लोटन। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के लगभग सभी गांवों में बुधवार को माताओं ने पुत्र की लंबी आयु और रक्षा की कामना से छठी माता का व्रत रखा। महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर कुश और बरियारा पौधे को पीले कपड़े से ढककर विधि-विधान से पूजा की। मान्यता के अनुसार यह पर्व भगवान राम के पुत्र कुश से जुड़ा है। पूजा के दौरान नवजात बच्चों को कपड़े पर सुलाकर उनकी दीर्घायु की कामना की गई। पूजन के बाद महिलाओं ने महुआ के पेड़ पर पंजों की छाप छोड़ी। शाम को सामूहिक रूप से छठी माता की कथा सुनी और पूजा संपन्न की। पूजा स्थलों पर मेले जैसा माहौल रहा।