बढ़नी। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर एक में लंबे समय से बड़े नाले की सफाई न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। नाले में गंदगी और पानी भरा होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नियमित सफाई के साथ फॉगिंग कराने की मांग की है। नगर निवासी बबलू, हरगोविंद, मुन्ना और मनोहर सहित अन्य लोगों का कहना है कि समय-समय पर नाले की सफाई और फॉगिंग नहीं कराई गई तो मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नाले की सफाई और फॉगिंग दोनों कार्य जल्द कराया जाएगा।