भारतभारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा के सभागार में सोमवार को आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं की मासिक क्लस्टर बैठक हुई। इसमें पिछले एक माह में क्षेत्र में किए गए स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। बीसीपीएम वीरेंद्र कुमार यादव ने आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, मलेरिया की रोकथाम और कुष्ठ रोगियों की खोज समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रमों के संचालन में आ रही समस्याओं और चुनौतियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के बाद आवश्यक सुधार के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए। बीसीपीएम ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सहयोग लिया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा।