सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय पर स्थित कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विधायक विनय वर्मा ने उनको न बुलाए जाने पर नाराजगी जताई है।
तहसील दिवसों और संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा और ससमय गुणवत्तापूर्वक निस्तारण, सुरक्षा और पांच करोड़ लागत के ऊपर की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इसमें विधायक को नहीं बुलाया गया। उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में पहुंचकर फेसबुक पर लाइव आकर डीएम से कार्यक्रम में न बुलाए जाने का कारण पूछा। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि मैं सरकार के सहयोगी दल का विधायक हूं। अपने क्षेत्र के विकास में लगा रहता हूं। सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करता हूं। इसके बाद भी जिला स्तरीय अधिकारी उनकी बार-बार अनदेखी करते है। बढ़नी ब्लाक में डीडीओ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी उन्हें नहीं बुलाया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में उन्हें न बुलाए जाने की शिकायत वह मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष से शीघ्र मिलकर करेंगे।