सिद्धार्थनगर। बुनियादी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राष्ट्रीय आय और योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) जनपद में रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तीन घंटे की अवधि में संपन्न होगी। परीक्षा में 1648 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष जनपद मुख्यालय पर कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़, जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई, श्रीसिंहेश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार, जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज पुराना नौगढ़ शामिल है। बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा समय से कम से कम आधा घंटा पूर्व केंद्र पर उपस्थित होना होगा ताकि प्रवेश, अनुक्रमण और सीट आवंटन की प्रक्रिया में कोई बाधा न हो। देरी से पहुंचने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ किसी एक वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। आधार कार्ड या विद्यालय की ओर से जारी पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा के नोडल अधिकारी दयाशंकर पांडेय ने बताया कि बिना पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा में 1648 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं।