भनवापुर। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बैठने के लिए डेक्स, बेंच की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मध्याह्न भोजन अब एमडीएम शेड में बैठकर करेंगे। यह जानकारी बुधवार को बीडीओ भनवापुर आलोक दत्त उपाध्याय ने सचिवों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
बीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय ने उपस्थित सचिवों को बताया कि जिला अधिकारी के निर्देश पर ब्लॉक क्षेत्र के जिन परिषदीय विद्यालयों में 36 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं, उन विद्यालयों के बच्चों को बैठने के लिए डेक्स बेंच की व्यवस्था जल्द पूरा कराएं। ब्लॉक क्षेत्र में अब तक 36 से अधिक पंजीकृत वाले 141 विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। वहीं, एमडीएम सेड निर्माण के लिए 26 स्कूलों में भूमि भी उपलब्ध है।
इन सभी ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों को जल्द कार्य योजना बना कर डेक्स बेंच के साथ ही एमडीएम शेड निर्माण कराए जाने का निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान देवेंद्र मणि त्रिपाठी, अजीत कुमार, प्रतीक रावत, श्याम बहादुर यादव, राम सागर, धीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।