शोहरतगढ़(सिद्धार्थनगर)। सांसद खेल महोत्सव के तहत नगर पंचायत शोहरतगढ़ के तिरंगा तिराहा से मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खिलाड़ी तिरंगा तिराहा गड़ाकुल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस पिकेट तहसील होकर वापस पहुंचे। दौड़ में 15 बालिकाओं व 15 बालकों को मुख्य अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है बल्कि यह समाज में अनुशासन, टीम भावना और एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेलों के माध्यम से अपने जीवन में सकारात्मकता लाएं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। देश के प्रधानमंत्री खेलो इंडिया को बढ़ावा दे रहे हैं ताकि समाज स्वस्थ रहे।