लोटन। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर की अध्यक्षता में थाना लोटन बाजार में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम ने समस्त राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा आदि के जो प्रकरण हैं, उनका मौके पर जाकर सही ढंग से निस्तारण कराएं। किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। सभी मामलों में ग्रामवासियों का बयान लेकर निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर जाएं। अधिकतम प्रकरणों को निस्तारण कराकर ही लौटे, प्रकरण लंबित कदापि न रखा जाए। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से कब्जा किया है तो उसके विरुद्ध हल्का लेखपाल मुकदमा दर्ज कराएं। जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में आए सभी शिकायतकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आपस में मिलकर रहें। किसी प्रकार का लड़ाई-झगड़ा न करें। जो भी प्रकरण आए हैं, उसका निस्तारण मौके पर जाकर राजस्व के अधिकारी, कर्मचारी कराएंगे।