बिस्कोहर। तुलसीपुर देवी पाटन से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार शुक्रवार शाम को त्रिलोकपुर क्षेत्र के बिस्कोहर-इटवा मार्ग पेंडारी गांव के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में पांच श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं हैं। हादसे की वजह कार चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर निवासी केके श्रीवास्तव, कुमुद श्रीवास्तव, कौशल किशोर श्रीवास्तव, राजेश और कंचन श्रीवास्तव शुक्रवार शाम को कार से तुलसीपुर स्थित पाटन देवी से दर्शन करके गोरखपुर लौट रहे थे। बिस्कोहर-इटवा मार्ग पर पेंडारी गांव के मोड़ पर पहुंचे थे कि अचानक कार चालक को झपकी आ गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क के बगल पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार में सवार सभी पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर सभी को कार से बाहर निकाला और निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।