शोहरतगढ़। बिहार राज्य की सीमा में आतंकी घुसपैठ की आशंका को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र खुनुवां करहिया, पकड़िहवा, धनौरा मुस्तहकम आदि क्षेत्रों में जवानों ने आने-जाने वाले यात्रियों की सघन जांच की। सीओ प्रवीण प्रकाश ने बताया कि आतंकी घुसपैठ की आशंका को देखते हुए एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम पगडंडियों व मुख्य मार्ग पर जांच अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि बिना आधार कार्ड व पहचान पत्र दिखाएं किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। धनौरा एसएसबी चेक पोस्ट निरीक्षक दीपक त्रिपाठी ने कहा कि तस्करी को रोकने और आतंकी गतिविधियों की रोकथाम के लिए पगडंडियों के रास्ते आने-जाने वाले बाइक सवार को रोककर तलाशी ली जा रही है। नेपाल सीमा से सटे सभी गांव के नागरिकों को संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल पुलिस व एसएसबी को सूचित करने को कहा गया है। जांच अभियान में पुलिस व एसएसबी के जवान मौजूद रहे।