बढ़नी। थाना ढेबरुवा क्षेत्र के सेवरा गांव निवासी हरिश्चंद (35) पुत्र बृजलाल को बीती रात अचानक मिर्गी का तेज दौरा पड़ गया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पर तैनात ईएमटी पंकज कुमार और पायलट कन्हैया यादव ने तत्परता दिखाते हुए मरीज को सुरक्षित एंबुलेंस में शिफ्ट किया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में युवक को दोबारा दौरा पड़ा, जिससे सांस की नली में रुकावट आ गई और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। ईएमटी पंकज कुमार के अनुसार स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने एंबुलेंस में उपलब्ध सक्शन मशीन की मदद से तुरंत एयरवे को साफ किया। इसके बाद ईआरसीपी डॉक्टर हरीश द्विवेदी के सुपरविजन में मरीज को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इस तरह ईएमटी की कुशल कार्यशैली और त्वरित निर्णय से युवक की जान बच सकी।