इटवा। इटवा-बांसी मार्ग पर भिलौरी भिलौरा पुल के पास मंगलवार सुबह सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध की डीसीएम की चपेट में आने से मौत हो गई। वह सोमवार रात हुए हादसे में खाई में गिरी बाइक को देखने के लिए सड़क किनारे रुके थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सिसवा शुक्ल गांव निवासी इंद्रासन शुक्ल बाइक से बांसी जा रहे थे। बाइक गांव के ही बालकृष्ण गौतम चला रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों भिलौरी भिलौरा पुल के पास पहुंचे तो सोमवार रात दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिरी बाइक देखने के लिए रुक गए। इसी दौरान इटवा की ओर से बांसी जा रही डीसीएम ने इंद्रासन शुक्ल को रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी थे। उनके दो बेटे हैं। एसओ इटवा अनिल कुमार दुबे ने बताया कि मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।