सिद्धार्थनगर। डीएलएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा 27 अक्तूबर से आयोजित की जाएगी। एक नवंबर तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में डायट सहित जिले के 11 महाविद्यालयों के 600 छात्र-छात्रा प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्रा भी तैयारी में जुट गए हैं, वहीं परीक्षा फाॅर्म भी भरा जा चुका है। लेक्चरर डायट फुरकान अहमद ने बताया कि प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा तिथि जारी हो गई है। निर्धारित तिथि पर ही परीक्षा संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि डीएलएड प्रथम सेमेस्टर के पहले दिन 27 अक्तूबर को दो पाली में परीक्षा होगी। पहली पारी में सुबह 10 से 12 बजे तक बाल विकास और दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक शिक्षण अधिगम के सिद्धांत की परीक्षा होगी। दूसरे दिन 28 अक्तूबर को सुबह 10 से 11 बजे तक विज्ञान, दिन में 11:30 से 12:30 बजे तक गणित और दोपहर 2 से 4 बजे तक सामाजिक अध्ययन की परीक्षा होगी। तीसरे और अंतिम दिन 29 अक्तूबर को सुबह 10 से 11 बजे तक हिंदी, 11:30 से 12:30 बजे तक संस्कृत या उर्दू और 2 से 3 बजे तक कंप्यूटर की परीक्षा होगी। तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा 30 अक्तूबर से आरंभ होगी। पहले दिन 10 से 12 बजे तक शैक्षिक मूल्यांकन क्रियात्मक शोध एवं नवाचार और 1:30 से 3:30 बजे तक समावेशी शिक्षा की परीक्षा होगी।