भनवापुर। क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया में सोमवार को एएनएम, संगिनी व आशा बहुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने खराब कार्य करने वाली आशा बहू को फटकार लगाई तथा हिदायत दी की अगले एक माह में सभी कार्य को पूरा करें नहीं तो प्रोत्साहन राशि बाधित करते हुए आशा के पद से निष्कासित किया जाएगा। अधीक्षक ने बैठक से अनुपस्थित आशा बहू के विरुद्ध स्पष्टीकरण पत्र जारी करते हुए तीन कार्य दिवस के भीतर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि समय से काम पूरा करने, वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने एएनएम को निर्देशित किया कि गर्भावस्था के दौरान उच्च जोखिम के मरीजों की पहचान करें, जिससे समय रहते चिकित्सीय इलाज व परामर्श प्रारंभ किया जा सके और जच्चा व बच्चे को जटिलताओं से बचाया जा सके। एचईओ राजीव त्रिपाठी तथा बीसीपीएम मेराज अहमद ने आशा बहू को नवजात शिशु व बच्चों के देखभाल पर विशेष ध्यान देने और गृह भ्रमण करने के लिए निर्देशित किया। बीएमसी सूर्यदेव सिंह ने कहा कि आशा बहुएं टीकाकरण से एक दिन पहले ड्यू लिस्ट तैयार करें और उनके घर जाकर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। इस दौरान ध्रुव चंद, सोनिया वर्मा, रीना, आशामति, धर्मावती आदि उपस्थिति रहीं।