डुमरियागंज। तहसील सभागार में बुधवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) और बूथ मैपिंग को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अवशेष कार्यों को निर्धारित समय तक पूर्ण करने के लिए डीएम ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया। बैठक में कुल आठ सुपरवाइजर और 84 बीएलओं (बूथ लेवल अधिकारी) शामिल हुए। एसडीएम राजेश कुमार ने उनके कार्यों की समीक्षा की और अवशेष कार्यों को निर्धारित समय तक पूर्ण करने का निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि इस कार्य को 25 सितंबर तक पूर्ण करने का निर्देश सभी सुपरवाइजर और बीएलओ को दिए गए। एसडीएम ने कहा कि बीएलओ अपने-अपने बूथ पर घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने और मृतक, स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने की प्रक्रिया समय पर पूरी करें। मतदाताओं के पते, आयु और पहचान पत्र से संबंधित त्रुटियों को तत्काल सुधारें।