बांसी। जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मंगलवार को बांसी विधानसभा क्षेत्र के बहादुरगंज स्थित कार्यालय पर कांग्रेसियों ने वोट चोरी के विरुद्ध हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें काफी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर किए। जिला उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह ने हस्ताक्षर कर इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी करके सत्ता पर जबरन कब्जा किया गया है। देश की जनता का भरोसा भाजपा और मोदी सरकार से उठ चुका है। राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी के खुलासे से भाजपा व चुनाव आयोग की कलई खुल गई है। वोट चोरी के विरुद्ध हस्ताक्षर अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जागरूक करना, कांग्रेस की विचारधारा से अवगत कराना और पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है, जिससे मतदाताओं के अधिकार मजबूत हों। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में जिला सचिव गिरिजेश कुमार, बांसी ब्लाॅक अध्यक्ष शिव कुमार दुबे, कार्यालय सचिव कृष्ण कुमार दुबे आदि मौजूद रहे।