औराताल। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कई लोगों का पैसा बिना अंगूठा लगाए निकालने का मामला सामने आया है। तहसील क्षेत्र के मरवटिया, पेंदा बिलवट, भालूकोनी, जपती, डोलवा, मल्हवार, अमौना सहित कई गांवों के लोगों के पैसे निकल गए। अब वह बैंक का चक्कर लगा रहे हैं। चौखड़ा निवासी जग लाल गौतम के खाते से 50 हजार रुपये निकल गए। बान कुइयां निवासी परशुराम के खाते से दो बार में 15 हजार रुपये निकाल लिए गए। अमोना निवासी काबुली के खाते से 5200, श्रीराम सीमा देवी के खाते से तीन बार में 18,500, चंपा के खाते से 50 हजार रुपये पांच बार में निकाल लिए गए हैं। मरवतिया निवासी रामू चौबे और उनके पिता अनिल चौबे के खाते से कुल मिलाकर 17 हजार और बिलवट निवासी सुनील त्रिपाठी के खाते से सात हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। इन लोगों को मैसेज आने पर पैसे निकाले जाने की जानकारी हुई है। इन्होंने बैंक में शिकायत की है। बड़ौदा यूपी बैंक के शाखा प्रबंधक रितेश पांडेय ने बताया कि साइबर फ्रॉड का मामला है। जनता को जागरूक होने की जरूरत है। किसी भी प्रकार से कहीं अंगूठा न लगाएं। अगर आपको पैसे निकालने हैं तो ऐसे जो जन सेवा केंद्र पर जाएं जो आपके निकटतम बैंक से संबंधित है।