-माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में विश्व वायरल हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के जरिये अस्पताल में मरीजों के परिजनों को वायरल हेपेटाइटिस के संक्रमण, इसके दुष्प्रभाव और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान चिकित्सकों और छात्रों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन और आमजन को वायरल हेपेटाइटिस के कारण, लक्षण, संक्रमण के फैलाव के तरीके तथा समय पर जांच, उपचार, स्वच्छता, सुरक्षित रक्त चढ़ाने, सुरक्षित इंजेक्शन के उपयोग और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे जागरूक रहें, नियमित जांच कराएं और बचाव संबंधी उपायों को अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को इस बीमारी से सुरक्षित रखें। कार्यक्रम में बालरोग विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता चौधरी, सीनियर रेजिडेंट डॉ. विपिन, नर्सिंग इंचार्ज श्रीश श्रीवास्तव सहित विभाग के चिकित्सक, एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं एवं नर्सिंग स्टाफ आदि मौजूद रहे।