भनवापुर। क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया में शुक्रवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवतियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 86 गर्भवतियों को चिकित्सीय इलाज व परामर्श दिया गया, जिसमें से 17 में उच्च जोखिम के लक्षण पाए गए। 11 में खून की कमी मिलने पर आयरन-शुक्रोज की डोज दी गई। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि इस शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के 1 , 9 , 16 तथा 24 तारीख को किया जाता है। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्त चाप, मधुमेह, फीटस के बेड़े होने, गंभीर एनिमिया, प्लेसेंटा का विकृत और नीचे होने से गर्भवतियों में जान का खतरा बना रहता है। इस शिविर के माध्यम से उच्च जोखिम लक्षण की पहचान करते हुए समय से चिकित्सीय प्रबंधन से जच्चा व बच्चा दोनों को सुरक्षित किया जा सकता है।