इटवा क्षेत्र के बूथ का निरीक्षण करते अपर आयुक्त बस्ती मंडल। स्रोत विज्ञप्ति
इटवा। विधानसभा क्षेत्र इटवा के कई बूथों का रविवार को अपर आयुक्त बस्ती मंडल सुरेंद्र कुमार यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इटवा के पचमोहनी, कमदालालपुर, पुरैना, नागापार, खमहरिया, कलेनिया आदि बूथों पर बीएलओ से मतदाता सूची की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आप सभी मतदाता मतदान केंद्रों पर मौजूद बीएलओ से मतदाता सूची में नाम दर्ज हैं या नहीं, इसकी जानकारी लेकर छूटे हुए मतदाता फाॅर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गलत नाम दर्ज होने पर फाॅर्म-7 व त्रुटि सुधार, शिफ्टिंग के लिए फॉर्म-8 भरकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए 6 फरवरी तक समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि समय से आप सभी नजदीकी बूथों पर समय से पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन कर लें। इस दौरान उनके साथ नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय, लेखपाल पन्नालाल यादव आदि मौजूद रहे।