सिद्धार्थ विश्व विद्यालय कलिपवस्तु में दीक्षांत समारोह के लिए पंडाल बनाते मजदूर।
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में एक दिसंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दो दिन विश्वविद्यालय में रहेंगी इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार से चार दिन अनधिकृत लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। परिसर में प्रवेश करने से पहले लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि विश्वविद्यालय से सटे गांवाें में भी सुरक्षा के लिहाज से पैनी नजर रहेगी।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में बैरिकेडिंग की जा रही है। निर्माण कार्याें को टीन शेड की बाउंड्री से ढका जा रहा है, जबकि समारोह से दो दिन पहले निर्माण कार्य बंद हो जाएंगे। सिर्फ वे श्रमिक ही कार्य करेंगे, जिनका रिकॉर्ड ठेकेदार जमा करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ ही जिलाधिकारी पवन अग्रवाल एवं एसपी अग्रवाल ने परिसर का निरीक्षण किया।
पहली सूचना के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की एक दिसंबर को आने की सूचना थी, लेकिन उनका आगमन एक दिन पहले 30 नवंबर को होगा। राज्यपाल परिसर में निरीक्षण कर सकती हैं इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह पैनी नजर रखा है ताकि चप्पे चप्पे पर व्यवस्था बेहतर नजर आए। मुख्य नियंता प्रो. दीपक बाबू ने बताया कि दीक्षांत समारोह में सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी है। विश्वविद्यालय एवं पुलिस प्रशासन ने मुकम्मल तैयारी की है।
हेलीपैड के पास हुई सफाई
विश्वविद्यालय के सामने बुद्धा थीम पार्क में बने हेलीपैड की सफाई की गई ताकि राज्यपाल का हेलीकाप्टर उतरने या उड़ान भरने में कोई समस्या न आए। फैजाबाद विश्वविद्यालय में 30 नवंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। कुलपति को मिली सूचना के अनुसार राज्यपाल फैजाबाद से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय आएंगी।
-
30 नवंबर को होगा स्वर्णपदक पाने वालों का रिहर्सल
विश्वविद्यालय में 30 नवंबर को स्वर्ण पदक पाने वाले 46 छात्र-छात्राओं का रिहर्सल होगा ताकि समारोह में कुलाधिपति के सामने पदक प्राप्त करते हुए उनकी भाव अच्छे हों। कुलसचिव अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राएं 30 नवंबर को रिहर्सल करेंगे। छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को परिसर में ठहरने सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।