सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते कुलपति हरि बहादुर श
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दो दिन और एक रात विश्वविद्यालय में रहेंगी। राजभवन से रविवार को यह आदेश कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव को मिला तो उन्होंने परिसर के सभी संकायों का निरीक्षण किया। उसके बाद जिलाधिकारी पवन अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल भी तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे।
दीक्षांत समारोह की पूर्व संध्या पर ही राज्यपाल के आगमन की खबर से विश्वविद्यालय में चप्पे चप्पे पर पैनी नजर डाली जा रही है ताकि टीम की जांच में कोई कसर न रह जाए। कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने कला संकाय, वाणिज्य संकाय एवं विज्ञान संकाय, अतिथि गृह एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। फिलहाल विज्ञान संकाय की कक्षाएं वाणिज्य संकाय में संचालित रही हैं, जबकि विज्ञान संकाय अब अंतिम रूप ले चुका है।
पुस्तकालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य जारी है। कुलपति ने इन स्थानों पर बेहतर ढंग से कार्य करने एवं सफाई के निर्देश दिए। कुलसचिव अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 30 नवंबर को फैजाबाद विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में होगा, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में एक दिसंबर को दीक्षांत समारोह है। कुलपति को सूचना मिली है कि फैजाबाद विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सड़क मार्ग से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय आएंगी और विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम भी करेंगी। मुख्य नियंता प्रो. दीपक बाबू एवं कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. हरीश कुमार शर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।