सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के केंद्रीय पुस्तकालय में छात्रों के पुस्तकालय कार्ड दिया गया। प्रो. हरीश कुमार शर्मा ने कहा कि इस कार्ड के माध्यम से छात्र-छात्रा पढ़ने के लिए कोई भी किताब आसानी से पा सकते हैं। अब उन्हें पुस्तकालय में पढ़ने के लिए आधार कार्ड व अन्य कोई पत्र नहीं देना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन पुस्तकालय का उपयोग करने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता हैं। इसलिए विद्यार्थी पुस्तकालय में कुछ समय नियमित रूप से अवश्य बिताने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र और पथ-प्रदर्शक होती हैं। आज तकनीक ने ज्ञान-प्राप्ति के लिए भले अनेक माध्यम प्रदान कर दिए हो, परंतु पुस्तकों का स्थान कोई नहीं ले सकता। पत्र-पत्रिकाएँ हमें अद्यतन ज्ञान के प्रति जागरूक रखती हैं। अत: विद्यार्थी पुस्तकों-पत्रिकाओं को अपना मित्र बनाएं। जिससे उनके भविष्य को उचित दशा-दिशा मिल सके। पुस्तकालय में विभिन्न प्रकार की परीक्षाओं के तैयारी हेतु प्रतियोगी पुस्तकें तथा ज्ञान, विज्ञान, खेल की पत्रिकाएं पढ़कर विद्यार्थी अनेक ऊंचाइयों को छू सकते हे। इस दौरान पुस्तकालय प्रभारी डॉ राजेश सिंह, सतीश जायसवाल, राजकमल यादव, अजीत सिंह, सतीश जयसवाल, अश्विनी मौजूद रहे।
-
पहले जहां एक पुस्तक के लिए कई दस्तावेज जमा करने पड़ते थे, वहीं अब लाइब्रेरी कार्ड बन जाने से पुस्तकें बहुत ही आसानी से उपलब्ध हो जा रही है। जिससे हमारे ज्ञान के स्तर में उन्नति होगी।
सलोनी पांडेय, बीए तृतीय सेमेस्टर
-
लाइब्रेरी कार्ड के बनने से हम सभी विद्यार्थियों को बहुत सुविधा हो गई है। अब हम एक कार्ड की सहायता से कोई भी पुस्तक कम से कम 10 दिनों के लिए प्राप्त कर सकते हैं।
-अकर्षिता त्रिपाठी, बीए तृतीय सेमेस्टर