भगवान श्रीकृष्ण ने तोड़ा इंद्र का घमंड
भारतभारी। क्षेत्र बेंवा चौराहे पर आदर्श बाल श्रीकृष्ण लीला समिति के कलाकारों ने शनिवार रात श्रीकृष्ण की बाल लीला का मंचन किया। भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का घमंड तोड़ दिया। कंस के आतंक से थर थर कांप रहे गोकुल वासियों की जीवंत प्रस्तुति ने लोग व्यथित हो गए।
लीला में कंस ने ग्वाल बालों को तरह-तरह का प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश की, लेकिन श्रीकृष्ण के परम मित्र सुदामा और मनसुखा ने उसे ठुकरा दिया। कहा कि भगवान के लिए अगर मुझे अपने प्राणों की आहुति भी देनी पड़े तो हम सभी ग्वाल तैयार हैं।
कलाकारों ने गोवर्धन पर्वत पूजा का भी मंचन किया। गोवर्धन पर्वत की पूजा से नाराज होकर इंद्र ने भारी वारिश कर गोकुल के लोगों को भयभीत करने की कोशिश की, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर गोकुल वासियों की रक्षा की और इंद्र का घमंड तोड़ दिया।
स्थानीय बाल कलाकारों ने मां काली के रौद्र रूप की झांकी तथा भगवान शिव के तांडव का मंचन किया। इस अवसर पर डॉ. मनीष कुमार मिश्र, सुमंत अग्रहरि, सुरेश चौरसिया, दिलीप धर दुबे, संजय चौधरी, संजय यादव, राकेश यादव, नंदलाल अग्रहरि, कन्हैया, रामनिवास यादव आदि मौजूद रहे।