सिद्धार्थनगर। बारात विदा करने गई युवतियों से छेडख़ानी और विरोध पर घर पर चढ़कर मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करने में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्ष पथरा बाजार रामकुमार राजभर को एएसपी की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर डुमरियागंज थाने में तैनात निरीक्षक अजय कुमार यादव को पथरा थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मामले की जांच सीओ जयराम को सौंपी गई है। जिनकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पथरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को बरात विदा करने गई युवतीयां डांस कर रही थीं। इसी बीच पड़ोस के ही गांव के रहने वाले युवक वहां पहुंचे और उनके साथ छेडख़ानी के साथ मारपीट भी की। कुछ ही देर बाद आरोपी गांव में पहुंच गए और घर पर चढ़कर भी परिजनों को पीटा। इसमें कई लोग जख्मी हो गए थे। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे और लापरवाही का आरोप लग रहा था। इस मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर को सौंपी गई थी। जिनकी जांच में कर्तव्य में लापरवाही उजागर हुई। इसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने थानाध्यक्ष पथरा बाजार रामकुमार राजभर को तात्कालिक प्रभाव से लाइन हाजिर कर उनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच जयराम क्षेत्राधिकारी कार्यालय को दी गयी। वहीं डुमरियागंज थाने में तैनात अपराध निरीक्षक अजय कुमार यादव पथरा बाजार का नया थानाध्यक्ष बनाया गया।