डुमरियागंज। महाशिवरात्रि पर्व शुक्रवार को तहसील क्षेत्र में धूमधाम और परंपरागत तरीके से मनाया गया। सभी प्राचीन शिव मंदिर और शिवालय हर हर महादेव, जय शिव शंकर और बोल बम के जयघोष से गूंजते रहे।
प्राचीन शिव मंदिर देईपार, भानपुररानी स्थित बाबा भुनेश्वरनाथ मंदिर, भटगवां स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, रामलीला मैदान स्थित शिव मंदिर के अलावा परसपुर, अगया, शाहपुर आदि स्थानों पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की आराधना कर सुख समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।
अमन चैन कमेटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान शंकर सभी की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। इस दौरान पं. राकेश शास्त्री, विनीत श्रीवास्तव, कुलदीप पांडेय, विष्णु श्रीवास्तव, पीडी दुबे, रंजीत अग्रहरि मौजूद रहे।
भारतभारी स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने आए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भोर से ही शिव भक्तों ने शिवालयों में भांग, धतूरा, बेलपत्र, अक्षत, फूल के साथ जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। नगर पंचायत अध्यक्ष चंदू चौधरी ने अपने साथियों के साथ शिव मंदिर पर जलाभिषेक किया। इस दौरान रवि पांडेय, दुर्गेश जायसवाल, रमन पांडेय, शिव कुमार, रविंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे। अमौना पांडेय गांव स्थित शिव मंदिर पर भी भक्तों ने जलाभिषेक किया।
शाहपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर क्षेत्र के धनोहरी, शाहपुर, रमवापुर आदि स्थानों पर मौजूद शिव मंदिरों में भोलेनाथ की भक्ति में श्रद्धालुओं ने रतजगा किया। मंदिरों के बाहर भंडारे में लोगों ने भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। धनोहरी मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र तिवारी ने बताया कि इस दिन शिवलिंग पर गंगा जल अर्पित करने से भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर शुभम तिवारी, नंदन बाबा, साजन पांडेय, राज श्रीवास्तव, सौरभ तिवारी आदि मौजूद रहे।
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ कस्बे व आसपास के शिव मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और भांग, धतूर, बेलपत्र, पंचामृत शिवलिंग पर अर्पित किए। चेयरमैन उमा अग्रवाल ने डोई नदी स्थित प्राचीन शिवशंकर में मंदिर रुद्राभिषेक कर नगर के लिए सुख समृद्धि की कामना की। कस्बे के श्रीराम जानकी, भारत माता चौक, चौकबाजार, राधाकृष्ण मंदिर, शिवबाबा आदि शिवालयों में पूरे दिन जलाभिषेक चलता रहा।
क्षेत्र के चिल्हिया थाना परिसर स्थित शिव मंदिर, बरगदवा पकड़ी, बेलगड़ा, खुरहुरिया, हतवा में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस दौरान एसडीएम कर्मेंद्र कुमार, तहसीलदार अजय कुमार, एसओ राज कुमार पांडेय, चिल्हिया एसओ अमित कुमार क्षेत्र के शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
सकारपार। शिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं ने भोर से ही शिवालयों में फूल, बेलपत्र, भांग ,धतूरा, दूध, दही आदि चढ़ाकर जलाभिषेक किया और मनोकामना पूर्ण करने के लिए भगवान महादेव से प्रार्थना की।
पिपरा फरदंग गांव के वनेश्वर महादेव स्थान पर श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महादेव का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर आशुतोष पांडेय, गणेश चतुर्वेदी, दिनकर उपाध्याय ,संतोष,बृजेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
सिसहनिया गांव में गोरखेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की मंगल कामना की। मिठवल क्षेत्र के चरथरी गांव मे कुबेर नाथ के स्थान पर अखंड रामायण का आयोजन किया गया।
पकड़ी बाजार। शिवालयों में शुक्रवार को भोलेशंकर को बेलपत्र व अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर लोगों ने पूजा की। भोर से ही पकड़ी शिव मंदिर, मेहनौली, पिपरी, जम्हिरिया, बभनी बाजार, भटमला, बुढनईया, लालपुर, छोटकी धनगढिया, मधवापुर, सेखुइया स्थित प्राचीन शिव मंदिरों में लोगों ने जलाभिषेक किए।
भोलेनाथ की भक्ति में भोर से ही लाइन में लगे रहे श्रद्धालु
पथरा। मिठवल कस्बा स्थित प्राचीन मटेश्वर नाथ शिव मंदिर में शिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक के लिए रात्रि दो बजे से ही आस्थावान लोगों का आना शुरू हो गया। सुबह होते ही मंदिर परिसर में जलाभिषेक करने के लिए भारी संख्या में शिव भक्तों की लंबी कतारें लग गई और लोग अपनी बारी के इंतजार में घंटो लाइन में खड़े रहे।
मंदिर कमेटी व पुलिस शिव भक्तों की सुरक्षा में तैनात रही। मुख्य पुजारी बाबा विष्णु गिरी, श्याम पाठक, कृष्ण गोपाल चौरसिया, सूर्य नाथ चौरसिया, गुड्डू बाबा, वीरेंद्रनाथ, हरिप्रसाद आदि ने बताया कि इस बात का पूरा ध्यान दिया गया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। वहीं पथरा क्षेत्र के खजुरिया स्थित लोड़हवा शिव मंदिर पर भी जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का रेला उमड़ा। क्षेत्र के बूढापार स्थित शिव मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए भोर से ही भक्त लाइन में लगे रहे।
क्षेत्र के चेतिया मोती सागर मंदिर ,बौरहवा बाबा मंदिर, बड़हर घाट मंदिर पर भारी भीड़ रही। शिव भक्तों ने जलाभिषेक के बाद विशेष पूजन अर्चन की। मंदिर व मेला स्थलों की सुरक्षा के लिए मिश्रौलिया थाना व चेतिया चौकी की पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही और रात से ही क्षेत्र में गश्त करती रही।
मोतीसागर शिव मंदिर में मंदिर कमेटी के सदस्य जलाभिषेक करने आए भक्तों की मदद में पूरी तरह से मुस्तैद दिखे। इस दौरान योगेंद्र प्रसाद मिश्रा, राकेश गुप्ता, मुन्नू गुप्ता, विनोद मद्धेशिया, वंदना गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
आस्था ऐसी कि आधी रात से ही कतारों में लग गए शिवभक्त
इटवा। शिवरात्रि पर्व पर तहसील क्षेत्र के शिव मंदिरों में शुक्रवार को भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के सकतगढ, डोमसरा, नबेलवा के साथ ऐतिहासिक कटेश्वरनाथ शिव मंदिर में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया और भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। सबसे अधिक भीड़ प्राचीन कटेश्वरनाथ स्थित शिव मंदिर में रही। वहीं नगर पंचायत बिस्कोहर स्थित बबुरहवा बाबा शिव मंदिर, रस्तोगी शिव मंदिर , चुड़िहार गांव स्थित शिव मंदिर, अहिरौली पड़री स्थित पडे़श्वर नाथ शिव मंदिर पर भोर से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय आदि मंत्रों के बीच श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर अहिरौली पड़री और चुड़िहार स्थित शिव मंदिरों के बाहर भी मेला लगा। दूसरी तरफ कठेला समय माता मंदिर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर भी भोर से ही भोलेनाथ के दर्शन और रुद्राभिषेक के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंचे। मंदिर पुजारी अवधेश पांडेय ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भोले बाबा की पूजा करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। एसओ त्रिलोकपुर चंदन कुमार व थाना कठेला समय माता के एसओ संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था में मुश्तैद रही।