कलक्ट्रेट में नामांकन के पहले दिन किसी ने दाखिल नहीं किया पर्चा
भाजपा, सपा और बसपा समेत 12 दावेदारों ने खरीदा 19 सेट पर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोकसभा चुनाव में नामांकन के पहले दिन सोमवार को जिले की डुमरियागंज सीट पर किसी ने नामांकन नहीं किया। हालांकि भाजपा, सपा, बसपा व अन्य समेत 12 दावेदारों ने 19 सेट पर्चा खरीदा। सबसे रोचक मामला यह रहा कि बसपा के घोषित प्रत्याशी के अलावा एक पूर्व विधायक ने भी बसपा से दावेदारी करते हुए पर्चा खरीदा है। तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डीएम पवन अग्रवाल की मौजूदगी में कलक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष में एक-एक कर पर्चा खरीदने वाले आते रहे।
लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में शामिल जिले के एकमात्र डुमरियागंज पर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष में नामांकन एवं पर्चा खरीद हो रही है। पहले पर्चा खरीदने वालों में निर्दलीय पिंगल प्रसाद एक सेट, आजाद अधिकार सेना से जितेंद्र कुमार पांडेय एक सेट पर्चा खरीदा। बसपा के घोषित प्रत्याशी ख्वाजा शमसुद्दीन एक सेट, निर्दलीय करम हुसैन ने एक सेट व बसपा से पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह ने दो सेट पर्चा खरीदा। आजाद समाज पार्टी से शिव कुमार ने एक सेट, भाजपा से जगदंबिका पाल ने चार सेट, सपा से भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी ने चार सेट पर्चा खरीदा। इसके अलावा निर्दलीय शम्स तबरेज एक सेट, अभय समाज पार्टी के नरेश राम नारायण सहानी एक सेट, आजाद समाज एकता पार्टी से फखरूद्दीन एक सेट और निर्दलीय सुनील देवा केवट एक सेट पर्चे की खरीद की है।
पूर्व विधायक के पर्चा खरीद से शुरू हुई कयासबाजी
बसपा से घोषित प्रत्याशी ख्वाजा शमसुद्दीन ने सोमवार को जहां स्वयं कलक्ट्रेट पहुंचकर एक सेट पर्चा खरीदा, वहीं पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह के प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार मौर्य ने भी उनके तरफ से बसपा से दो सेट पर्चा खरीदा है। इससे बसपा में टिकट को लेकर कयासबाजी का दौर तेज हो गया है। हालांकि बसपा ने इसकी पुष्टि नहीं की है। चौधरी अमर सिंह अपना दल एस से शोहरतगढ़ के विधायक रहे, जो पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर आजाद समाज पार्टी से चुनाव लड़े थे।