पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के पकड़ी-नकाही बैलिहवा को जोड़ने वाली पांच किलोमीटर लंबी सड़क टूटकर गड्ढे में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। सड़क की मरम्मत न होने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।
क्षेत्र की पकड़ी से नकाही बैलिहवा मार्ग से होकर पकड़ी, धनगढिया, भेडिहवा, मदरहिया, टेढ़ी, बरैनिया, सिरसिया मिश्र, सिरसिया राजा, जखौलिया, बैदौली कई गांवों की 30 हजार से अधिक लोगों का आना-जाना होता है। यह मार्ग पहले से ही क्षतिग्रस्त था। बीते वर्ष आई बाढ़ के दौरान सड़क कई जगह कट गई है। वहीं, सड़क की गिट्टियां भी उखड़ गईं हैं जिससे सड़क के बीचों बीच गड्ढा हो गया है। हल्की सी बारिश में पानी इकट्ठा हो जाता है। जिससे राहगीरों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के प्रधान दुर्गा प्रसाद चौधरी, पंकज कुमार, नंदकिशोर यादव, मंतन निषाद, डल्लू चौधरी, मो. नईम, चयन बहादुर, संतराम पासवान, कल्लू पासवान, जगदीश प्रसाद, मो. वसीम, प्रदुम्न श्रीवास्तव, रामसुंदर गुप्ता आदि लोगों ने सड़क को सही कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि स्वीकृति हो गई है। बहुत जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।