घोसियारी। खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय, भरवलिया परिसर में खड़े सूखे पेड़ कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। सूखे पेड़ों के नीचे बच्चे प्रार्थना करने के साथ ही खेलते भी हैं। पास से ही बिजली का तार भी गया है।
शिक्षकों के साथ अभिभावकों को यह चिंता हर पल सताती रहती है कि यदि सूखा पेड़ अचानक गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है। पेड़ काटने की जटिल प्रक्रिया सरकारी फाइलों में उलझी है, जिसके चलते उन्हें काटा नहीं जा रहा है। प्रधानाध्यापक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि इसकी शिकायत वन विभाग से लेकर विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। कई बार सूखे पेड़ की टहनियां टूट कर गिर चुकी हैं।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी खेसरहा सुशील यादव का कहना है उन्हें उक्त मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच कराकर शीघ्र ही सूखे पेड़ को कटवाया जाएगा।