इटवा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह गांव की युवती की मौत के मामले में आई रिपोर्ट से हुई पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह गांव निवासी सप्तमी की मौत सिर के पिछले हिस्से में अंदरूनी चोट के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हो चुकी है। बाइक से गिरकर मौत हुई या फिर धक्का दे दिया गया, इस राज से पर्दा नहीं उठ सका। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के ऊंचडीह निवासिनी युवती सप्तमी (22) पुत्री भजन लाल 22 अक्तूबर की रात में दुर्गा प्रतिमा के दर्शन के लिए गई हुई थी। देर रात तक न आने पर बड़ी बहन सोना देवी घर से निकलकर उसे खोजने जा रही थीं कि घर के बाहर वह बेहोश मिली। परिजन पहले बेहोशी को साधारण बेहोशी मानकर चल रहे थे। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज करके आरोपी को जेल भेज दिया है।
आरोपी ने पुलिस को बताया था कि बाइक से गिर गई थी। इससे उसको चोट आई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में पिछले हिस्से में अंदरूनी गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई। यह मौत की वजह बनी है। चोट ऐसी थी कि हड्डी पर असर पड़ने के साथ ही नस में खून जम गया। इसकी वजह से वह बेहोश रही और मौत हो गई।
बाइक से खुद गिरी या फिर धक्का देकर गिरा दिया गया। यह रहस्य बरकरार है। लोग इस बात पर सवाल कर रहे हैं। इस संबंध में एसओ इटवा संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की बात सामने आई है। मामले की जांच चल रही है। आरोपी गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है।