खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो प्रतिष्ठानों में मारा छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के दो प्रतिष्ठानों में छापा मारकर हलाल सर्टिफाइड बिरयानी मसाले का नमूना लिया। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से हलाल सर्टिफाइड खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के बाद यह जांच और कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके वर्मा, विजय यादव एवं आरएन वर्मा की टीम ने शहर के खजुरिया रोड स्थित ग्रासरी फॉर आल में छापा मारा तो वहां विदेशी कंपनी मेहरान के 18 पैकेट बिरयानी मसाले मिले, जिसमें आठ पैकेट मसाले के चार नमूने भेजे गए, जबकि दस पैकेट मसाले को सीज कर दिया गया। उसके बाद टीम ने सिद्धार्थ तिराहे स्थित ऋद्धि सिद्धि में छापा मारा तो वहां भी विदेशी कंपनी का बांबे बिरयानी मसाला मिला, जिसका नमूना लिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य जीके द्विवेदी ने बताया कि निर्यात के लिए उत्पादित सामानों को छोड़कर हलाल सर्टिफाइड उत्पाद बनाने, भंडारण एवं विक्रय पर रोक है। बाजार में डेयरी उत्पाद, बेकरी, मसाले, नमकीन, पिपरामिंट आयल सहित हलाल सर्टिफाइड का लेबल लगाया जा रहा था, जो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मिथ्या छाप है। मिथ्या छाप को भ्रामक जानकारी माना जाता है।