मूर्ति विसर्जन के दौरान शहर में नहीं घुसेंगे बड़े वाहन
सिद्धार्थनगर। विभिन्न स्थानों पर स्थापित मूर्तियों के विसर्जन के दौरान शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशासन की तरफ से पांच अक्तूबर शाम चार बजे से छह अक्तूबर सुबह आठ बजे तक रूट डायवर्ट किया गया है। इसे लागू कराने के लिए सभी स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
ऐसे बड़े वाहन जो फरेंदा, उसका की तरफ से आ रहे हैं और मोहाना व कपिलवस्तु की तरफ जाना है, वे पकड़ी-सनई-चिल्हिया से बर्डपुर होते हुए जाएंगे। मोहाना, कपिलवस्तु से उसका, फरेंदा की तरफ जाने वाले बड़े वाहन बर्डपुर-चिल्हिया-सनई-पकड़ी होकर जाएंगे। कपिलवस्तु, मोहाना की तरफ से शोहरतगढ, बढ़नी की तरफ जाने वाले वाहन बर्डपुर-चिल्हिया होकर जाएंगे।
बढ़नी, शोहरतगढ़ की तरफ से कपिलवस्तु, मोहाना की तरफ जाने वाले वाहन चिल्हिया-बर्डपुर होकर जाएंगे। बस्ती व बांसी की तरफ से बर्डपुर-मोहाना की तरफ जाने वाले बड़े वाहन सनई-चिल्हिया-बर्डपुर होते हुए जाएंगे। बर्डपुर, मोहाना, कपिलवस्तु की तरफ से बांसी व बस्ती की तरफ जाने वाले वाहन बर्डपुर-चिल्हिया-सनई होकर जाएंगे। बढ़नी-शोहरतगढ़ व चिल्हिया की तरफ से उसका, फरेंदा की तरफ जाने वाले वाहन सनई-जगमोहनी-पकड़ी-उसका होते हुए जाएंगे।
फरेंदा, उसका की तरफ से चिल्हिया, शोहरतगढ़, बढ़नी की तरफ जाने वाले वाहन पकड़ी-जगमोहनी-सनई होते हुए जाएंगे। इटवा, बांसी की तरफ से उसका, फरेंदा की तरफ जाने वाले वाहन जोगिया-जगमोहनी-पकड़ी-उसका होते हुए गंतव्य को जाएंगे। ऐसे बड़े वाहन जो कैंपियरगंज, फरेंदा, उसका की तरफ से आ रहे है और बांसी, इटवा की तरफ जाना है, ऐसे वाहन पकड़ी-जगमोहनी-जोगिया होते हुए जाएंगे।
डुमरियागंज में भी डायवर्ट रहेगा रूट
डुमरियागंज। मूर्ति विसर्जन के दौरान डुमरियागंज में रूट डायवर्ट रहेगा। गंभीर रोगी और इमरजेंसी वाहन एंबुलेंस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे।
तहसील क्षेत्र में होने वाले मूर्ति विसर्जन एवं शोभायात्रा के मद्देनजर पांच अक्तूबर दोपहर 12 बजे से देर रात तक बस्ती से डुमरियागंज आने वाले वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। बस्ती की तरफ से डुमरियागंज आने वाले वाहनों को बेवा चौराहा से उतरौला रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो भडरिया चौराहा से होकर अपने गंतव्य को जाएंगे। बांसी से डुमरियागंज की तरफ आने वाले समस्त वाहनों को मोतीगंज रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो मोतीगंज चौराहे से बेवा चौराहा होकर उतरौला रोड भड़रिया से होकर गुजरेंगे। इटवा की ओर से डुमरियागंज की तरफ आने वाले वाहनों को शाहपुर चौराहा थाना इटवा क्षेत्र मननीजोत व खुनियाव ब्लॉक की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो मन्नीजोत, भरवटिया मुस्तहकम एवं खुनियांव होकर अपने गंतव्य को रवाना होंगे। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि डुमरियागंज नगर का रूट डायवर्जन दोपहर 12 बजे से देर रात्रि अंतिम प्रतिमा विसर्जन तक प्रभावी रहेगा।
संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरे से होगी नजर
डुमरियागंज। मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों की ड्रोन कैमरे निगरानी की जाएगी।