खेसरा क्षेत्र के मरवतिया चौराहे पर कीचड़ से होकर आती जाती छात्राएं। संवाद
सिद्धार्थनगर। बांसी ब्लॉक क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन खुदाई कार्य से जहां संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं गांवों के रास्तों के खड़ंजा व इंटर लाकिंग मार्ग के बीच खुदाई कर छोड़ दिए जाने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थित के चलते लोग आक्रोशित भी हैं। लेकिन जिम्मेदार समस्या से अनजान हैं।
बांसी-इटवा मार्ग पर स्थित महुआ कला से महुआ खुर्द को जोडऩे वाले संपर्क मार्ग का निर्माण वर्ष भर पूर्व हुआ है। जिसके बायीं पटरी पर पिच भाग से सटाकर जल मिशन के लिए पाइप लाइन की खुदाई की गई है, जिससे पिच भाग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इतना ही नही नाले के पास बीच में सड़क आर पार खोद दिया गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से लोगों में आक्रोश है। क्षेत्र के ग्राम पचहर बाजार, जाजरगठिया, अकोल्हिया आदि समेत कई गांवों के खड़ंजा व इंटरलाकिंग रास्तों के बीच खुदाई कर देने से भी लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बताते हैं कि मामला जनप्रतिनिधियों समेत जिला प्रसाशन के जब संज्ञान में लाया गया तो कार्यदायी संस्था के साथ बैठक में तय हुआ था कि जहां भी सड़कों को पाइप लाइन से क्षति पहुंच रही है, उसे ठीक कराकर कार्यदायी संस्था देगी। लेकिन अब तक कार्यदायी संस्था ने क्षेत्र के क्षतिग्रस्त किये सड़कों को ठीक नहीं कराया है। फिलहाल जो भी हो उक्त बावत लोनिवि के अवर अभियंता एमएल गुप्ता ने संपर्क के दौरान कहा कि पिच से एक मीटर की दूरी पर पाइप लाइन होना चाहिए। यदि पिच से सटाकर लाइन बिछ रही है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन विवेक कुमार राय ने कहा कि डिवीजन से कार्यदायी संस्था ने न तो एनओसी लिया है न ही कोई बात की है।