सिद्धार्थनगर। शहर के गोबरहवा बाजार में भू-स्वामियों की तरफ से सड़क बनाने के लिए जमीन देने की सहमति दी है। जिसके बाद स्थानीय सभासद ने नगर पालिका में इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव भेजा है। इससे नवीन मंडी जाने वाले भारी वाहनों समेत शहरियों को एक नया मार्ग मिल जाएगा, जिससे लोगों को जाम से भी मुक्ति मिलेगी। साथ ही लोगों को रेलवे स्टेशन व सिहेंश्वरी मंदिर तक जाने में भी सुविधा होगी।
शहर में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बगल से शिवपुर कॉलोनी होते हुए गोबरहवा बाजार तक जाने वाले मार्ग को आगे का रास्ता मिलने वाला है। निजी भूमि में लगने वाले ऐतिहासिक गोबरहवा बाजार के भू-स्वामियों ने इस सड़क को नवीन मंडी मार्ग से जोड़ने को सड़क निर्माण के लिए स्वेच्छा से जमीन देने की सहमति जताई है। वह इस मार्ग के निर्माण के लिए 25 फीट चौड़ाई में पीडब्ल्यूडी आफिस के बगल वाली सड़क को मंडी मार्ग तक जोड़ने के 250 मीटर लंबी भूमि देने को राजी हुए हैं। जिसके बाद शास्त्री नगर मोहल्ले के सभासद मनोज सिंह ने नगर पालिका बोर्ड की बैठक में इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने मंडी जाने वाले पीडब्ल्यूडी मार्ग से इस मार्ग को जोड़ने का प्रस्ताव दिया है।
सड़क निर्माण से होगा यह लाभ
इस सड़क के निर्माण से नवीन मंडी तक जाने वाले सब्जी व फल लदे भारी वाहनों के आवागमन के लिए एक नया और बेहतर मार्ग मिल जाएगा। इससे वन विभाग मोड़ के सकरे रास्ते से भारी वाहनों के आवागमन पर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगा। साथ ही रेलवे स्टेशन और प्रसिद्ध सिहेंश्वरी मंदिर जाने वालों का भी रास्ता सुलभ हो जाएगा, जिससे शहर में जाम से राहत मिलेगी।
भू-स्वामित्व वाले सभी परिजन आपसी सहमति से गोबरहवा बाजार में सड़क निर्माण के लिए जमीन देने को तैयार हैं। परिवार के सभी सदस्यों ने शहर के विकास एवं लोगों की सुविधा के लिए सड़क निर्माण के लिए भूमि देने पर सहमति जताई है।
- नैय्यर कमाल, गोबरहवा बाजार के भू-स्वामी
निजी भू-स्वामियों ने स्वेच्छा से गोबरहवा बाजार में सड़क निर्माण के लिए जमीन देने पर सहमति जताई है, जिसके बाद नगर पालिका बोर्ड में 250 मीटर लंबे सीसी सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया है, स्वीकृति के बाद सड़क निर्माण कराया जाएगा।
- मनोज सिंह, सभासद, शास्त्रीनगर