संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के बभनी बाजार से बैजनथा लमुईया तक तीन किमी लंबी टूटी सड़क का मरम्मत कार्य मंगलवार से शुरू हो गया है। इसके बनने से यहां के लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी।
बभनी बाजार से बैजनथा लमुईया संपर्क मार्ग की गिट्टियां उखड़ कर गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं। इससे इस मार्ग से आने-जाने वाले राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोग इस सड़क की मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर विभाग के लोगों से कई बार कह चुके थे। किसी ने भी सुध नहीं ली थी।
अमर उजाला अखबार ने इस खराब सड़क की समस्या को लेकर तीन फरवरी, 15 जून, 30 अगस्त के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद जिम्मेदारों ने ध्यान दिया। इस पर पीडब्ल्यूडी ने सड़क का मरम्म्त कार्य शुरू कराया।
क्षेत्र के प्रधान ओमप्रकाश जायसवाल, रंजीत यादव, दुर्गा प्रसाद चौधरी, महमूद, महबूब, डल्लू चौधरी, पिंटू चौधरी, चंद्रशेखर आदि ने अमर उजाला की सराहना की।
कोट
इस मार्ग पर 1600 मीटर सड़क का ही निर्माण कार्य होना है, जबकि 1400 मीटर सड़क बनवाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही पूरी सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
-अशोक कुमार चौधरी, जेई